रायपुर : छत्तीसगढ़ शासन की महतारी वंदन योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के साथ ही उनके परिवार और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य को संवारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में संचालित यह योजना महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव ला रही है। सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले के ग्राम बघमरा की श्रीमती दीपाली मरकाम ने महतारी वंदन योजना से प्रतिमाह मिलने वाली एक हजार रुपए की सहायता राशि को वे अपने बच्चों की शिक्षा और बेटी के सुरक्षित भविष्य के लिए बचत में उपयोग कर रही हैं।
’महतारी वंदन की राशि
बनी बेटी के सुनहरे भविष्य का आधार’
श्रीमती दीपाली बताती हैं कि महतारी
वंदन योजना के अंतर्गत उनके बैंक खाते में हर महीने एक हजार रुपए की राशि प्राप्त
होती है। इस राशि का वे परिवार की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए सदुपयोग कर रही
हैं। विशेष रूप से अपनी बेटी के भविष्य को आर्थिक रूप से सुरक्षित बनाने के
उद्देश्य से वे सुकन्या समृद्धि योजना में राशि जमा करती हैं। इसके साथ ही बच्चों
की पढ़ाई-लिखाई, कॉपी-किताब और अन्य
शैक्षणिक आवश्यकताओं की पूर्ति में भी यह आर्थिक सहायता उनके लिए उपयोगी साबित हो
रही है।
दीपाली का कहना है कि प्रत्येक
माता-पिता की इच्छा होती है कि उनके बच्चे अच्छी और उच्च शिक्षा प्राप्त करें और जीवन में आगे बढ़ें। सीमित संसाधनों के बीच
बच्चों की शिक्षा और भविष्य के लिए बचत करना आसान नहीं होता, लेकिन महतारी वंदन योजना से मिलने वाली नियमित आर्थिक सहायता ने उन्हें इस
दिशा में आगे बढ़ने का अवसर दिया है। छोटी-छोटी बचत के माध्यम से वे अपनी बेटी के
भविष्य के लिए आर्थिक आधार तैयार कर रही हैं।
’आर्थिक आत्मनिर्भरता के साथ बढ़ रहा महिलाओं का आत्मविश्वास’
महतारी वंदन योजना से प्राप्त सहायता
राशि श्रीमती दीपाली के लिए केवल आर्थिक सहयोग नहीं, बल्कि
आत्मविश्वास और भविष्य की सुरक्षा का माध्यम भी बन रही है। नियमित रूप से मिलने
वाली राशि से वे परिवार की आवश्यकताओं को पूरा करने के साथ बच्चों की शिक्षा और
बचत संबंधी निर्णयों में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। उनकी यह पहल दर्शाती है कि
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ जब सही उद्देश्य के लिए उपयोग किया जाता है,
तो वह पूरे परिवार के भविष्य को बेहतर बनाने में सहायक बनता है।
’मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय को दिया धन्यवाद’
हितग्राही श्रीमती दीपाली ने महतारी
वंदन योजना के माध्यम से प्रतिमाह एक हजार रुपए की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने के
लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति हृदय से आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने बताया कि इस राशि से उन्हें अपनी बेटी के नाम सुकन्या समृद्धि योजना में
बचत करने और बच्चों की पढ़ाई का खर्च उठाने में मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि
शासन की यह योजना उनके जैसे अनेक परिवारों की महिलाओं के लिए उपयोगी साबित हो रही
है।