रायपुर : गांधी जयंती के अवसर पर गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले की सभी 163 ग्राम पंचायतों में विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार करने के लिए विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। ग्राम सभाओं में ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी के साथ गांवों के समग्र एवं सतत विकास की भावी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
ग्राम सभाओं में विकसित भारत
जी-राम-जी योजना के उद्देश्यों, प्रमुख
प्रावधानों एवं ग्रामीणों को मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई। आगामी वर्ष के
लिए विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार करने के मुख्य सिद्धांतों, प्राथमिकताओं और संपूर्ण प्रक्रिया से ग्रामीणों को अवगत कराया गया। गांव
की वास्तविक जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों की पहचान करने और उनकी प्राथमिकता तय
करने में ग्रामीणों की सहभागिता के महत्व पर विशेष जोर दिया गया।
इस दौरान ग्रामीणों को योजना के तहत 125
दिनों के रोजगार, 300 रुपये प्रतिदिन मजदूरी
भुगतान, 375 प्रकार के निर्माण कार्यों के माध्यम से
अधोसंरचना विकास एवं आजीविका संवर्धन सहित जल संरक्षण से संबंधित कार्यों तथा
जी-राम-जी योजना के चार आधारभूत स्तंभों के बारे में जानकारी दी गई।
विशेष ग्राम सभाओं में गांवों के लिए
आवश्यक अधोसंरचना, रोजगार एवं आजीविका के
अवसरों के विस्तार, जल संरक्षण तथा स्थानीय आवश्यकताओं से
जुड़े प्रस्तावित कार्यों पर ग्रामीणों से सुझाव लिए गए। ग्रामीणों को बताया गया
कि विकसित ग्राम पंचायत प्लान तैयार करने में जनभागीदारी की महत्वपूर्ण भूमिका है,
ताकि प्रत्येक गांव की वास्तविक आवश्यकताओं और प्राथमिकताओं के
अनुरूप विकास कार्यों को कार्ययोजना में शामिल किया जा सके।
ग्राम सभाओं में स्थानीय जनप्रतिनिधियों,
वरिष्ठ नागरिकों एवं ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी की। उन्होंने
अपने-अपने गांवों की आवश्यकताओं, विकास संबंधी मांगों और
सुझावों को ग्राम सभा के समक्ष रखा। साथ ही गांवों के समग्र, समावेशी एवं सतत विकास के लिए सामूहिक सहभागिता का संकल्प व्यक्त किया।