December 12, 2022


वंदे भारत ट्रेन का राजनांदगांव में पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत

वंदे भारत ट्रेन का लोगों ने जमकर किया स्वागत, ढोल बजाकर ट्रेन पर फूल भी बरसाए

रायपुर| वंदे भारत ट्रेन का राजनांदगांव में पहुंचने पर भव्य स्वागत हुआ। यहां पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, सांसद संतोष पांडेय ने वंदे भारत ट्रेन का स्वागत किया। इस मौके पर भारी संख्या में लोग रेलवे स्टेशन पर मौजूद रहे। वंदे भारत ट्रेन के यहां पहुंचने पर लोगों ने जमकर ढोल बजाए। ट्रेन पर फूल भी बरसाए गए। वंदे भारत ट्रेन शनिवार को छोड़कर बाकी सभी दिनों में चलेगी। ये ट्रेन बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग, राजनांदगांव, गोंदिया और नागपुर के बीच चलेगी। लोगों ने ट्रेन में चढ़कर उसके साथ सेल्फी भी ली। लोगों का उत्साह इस दौरान देखते ही बन रहा था। इससे पहले आज 11 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नागपुर रेलवे स्टेशन से वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ये देश की छठी वंदे भारत ट्रेन है। यह ट्रेन नागपुर से बिलासपुर के बीच चलेगी। इस दौरान लोक कलाकारों के साथ प्रधानमंत्री मोदी ने ढोल भी बजाया। नागपुर-बिलासपुर वंदे भारत एक्सप्रेस सप्ताह में 6 दिन तक चलेगी। यह यात्रा 6 घंटे में पूरी होगी। इससे पहले, अक्टूबर में मुंबई-अहमदाबाद रूट पर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया था। सरकार का लक्ष्य अगले साल तक 75 वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन का संचालन करने का है। देश की सबसे तेज चलने वाली वंदे भारत ट्रेन के लिए रेलवे ने शेड्यूल जारी कर दिया था। इसमें टिकट रिजर्वेशन भी शनिवार से शुरू हो गया था। IRCTC ने चेयरकार और एग्जीक्यूटिव क्लास के लिए अलग-अलग किराया तय किया है, जो सामान्य ट्रेनों से चार गुना अधिक किराया है। ट्रेन में चेयरकार का बिलासपुर से नागपुर का किराया AC II के बराबर 1070 रुपए तय किया है। वहीं एग्जीक्यूटिव क्लास में बिलासपुर से नागपुर तक सफर तय करने के 2045 रुपए है। इसी तरह वंदेभारत ट्रेन में बिलासपुर से रायपुर तक चेयरकार के लिए 470 और एग्जीक्यूटिव क्लास के लिए 905 रुपए किराया तय किया गया है। यात्रियों को बिलासपुर से दुर्ग के लिए 635 और 1155, बिलासपुर से राजनांदगांव के लिए 690 और 1265, बिलासपुर से गोंदिया के लिए 865 और 1620 रुपए खर्च करने होंगे।


Related Post

Archives

Advertisement





Trending News

Archives