August 04, 2022


जादू-टोने का आरोप लगाने से गुस्साए युवक ने की दोस्त की हत्या

पुलिस ने किया आरोपी को गिरफ्तार

रायपुर| बिलासपुर में मंगलवार रात फिर एक युवक ने अपने पड़ोसी की टंगिया मारकर हत्या कर दी। युवक के परिवार के सदस्य अक्सर बीमार रहते थे। इसके चलते वह पड़ोसी के घर आकर उस पर जादू-टोने का आरोप लगाता था। घटना तखतपुर थाना क्षेत्र की है। जानकारी के अनुसार ग्राम हरदी निवासी हीरो लाल खांडे (32) के परिवार के सदस्य बीमार रहते थे। इस पर वह अपने पड़ोसी शिवकुमार बघेल पर जादू-टोना करने का शक करता था। वह अपने परिवार के सदस्यों का इलाज करा रहा था। फिर भी उनकी तबीयत ठीक नहीं हो रही थी। इसके चलते वह आए दिन शिवकुमार बघेल के घर के पास जाकर उसको टोना करने वाला कहकर गाली देता था। मंगलवार देर शाम शिवकुमार के घर के पास जाकर हीरो लाल गाली देने लगा। शिवकुमार ने उसे गाली देने से मना किया। इसके चलते दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। आए दिन के विवाद से परेशान शिव कुमार टंगिया लेकर आया और हीरालाल पर ताबड़तोड़ हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी शिवकुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया। टीआई सुमंत साहू ने आरोपी से पूछताछ की, तब उसने बताया कि हीरो लाल और उसकी पहले दोस्ती थी। दोनों का घर में भी आना-जाना था। इस बीच हीरोलाल के परिवार के सदस्य बीमार रहने लगे। हीरोलाल को लगा कि शिवकुमार जादू-टोना करता था। इसे लेकर शिव कुमार ने उसे कई बार समझाइश देकर शांत कराया। इसके बाद भी वह नहीं माना। परेशान होकर शिव कुमार ने उसकी हत्या कर दी।


Related Post

Archives

Advertisement









Trending News

Archives