July 09, 2022


एनडीए की राष्ट्रपति पद प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू का 15 जुलाई को रायपुर दौरा, अपने लिए वोट की करेंगी अपील

द्रौपदी मुर्मू 15 जुलाई की सुबह 11 बजे छत्ती्सगढ़ के सांसदों और विधायकों के साथ करेंगी बैठक

रायपुर| एनडीए की राष्ट्रपति पद प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू रायपुर आने वाली हैं, 15 जुलाई को उनका रायपुर में कार्यक्रम तय है। मुर्मू का यह पहला छत्तीसगढ़ दौरा है इसे लेकर भारतीय जनता पार्टी तैयारियों में लगी हैं। पार्टी के प्रदेश कार्यालय में इसे लेकर एक बैठक भी बुलाई गई। इस बैठक में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णु देव साय, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, और नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक समेत तमाम नेता मौजूद थे।

नेता प्रतिपक्ष धरम लाल कौशिक ने मीडिया को बताया कि बैठक में द्रौपदी मुर्मू के स्वागत, सम्मान बैठक को लेकर चर्चा की गई। एनडीए और उसके सहयोगी दलों ने आदिवासी महिला को प्रत्याशी बनाया है। आजादी के बाद पहली बार ऐसा हुआ है जब आदिवासी समाज से कोई राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार है। छत्तीसगढ़ तो आबादी के लिहाज से 32 प्रतिशत आदिवासी प्रदेश है। यहां मुर्मू जी को जन समर्थन मिल रहा है। कौशिक ने इशारे-इशारे में कांग्रेसियों से कह दिया कि दलगत राजनीति से ऊपर उठकर सोचना चाहिए। राष्ट्रपति किसी पार्टी का नहीं होता है। ये तो एक संवैधानिक पद है। अंतरात्मा की आवाज सुनकर वोट देना चाहिए। कौशिक ने बताया कि द्रौपदी विधायक, सांसदों की बैठक लेंगी, इसी की रूप रेखा तय हुई है।

द्रौपदी मुर्मू 15 जुलाई की सुबह 11 बजे छत्‍तीसगढ़ के सांसदों और विधायकों के साथ बैठक करेंगी। इस दौरान वे अपने लिए वोट की अपील करेंगी। मुर्मू छत्तीसगढ़ के बाद मध्य प्रदेश जाएंगी। राष्ट्रपति पद के लिए 18 जुलाई को मतदान प्रस्तावित है। इससे पहले इस पद के दोनों उम्मीदवार मुर्मू व यशवंत सिन्हा सभी राज्यों का दौरा कर वोट की अपील कर रहे हैं। विपक्षी पार्टियों की तरफ से उम्मीदवार सिन्हा पिछले स्पताह रायपुर आए थे।


Related Post

Archives

Advertisement







Trending News

Archives