May 16, 2022


दोस्तों के साथ इश्कबाजी करने से रोका तो बेटी ने ले ली मां की जान

रायबरेली। यूपी के रायबरेली में हैरत कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां मां ने बेटी को दोस्तों के साथ इश्कबाजी करने से रोका तो बेटी ने मां की जान ले ली। मां की हत्या करने के बाद बेटी ने हत्या का आरोप पिता के दोस्त पर लगा दिया। 

घटना की पड़ताल कर रही पुलिस ने छानबीन की तो बेटी ही मां की कातिल निकली। पुलिस ने बेटी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। 

जानें क्या है पूरा मामला

रायबरेली के सरेनी थाना क्षेत्र के सुरजीपुर गांव निवासी लाला यादव राज मिस्त्री है। उसकी 16 वर्षीय बेटी अक्सर मोबाइल फोन पर दोस्तों से बात कर इश्कबाजी करती रहती थी। मां नन्कई देवी इसका विरोध करती थी। 

9 मई 2022 को लाला यादव काम पर गया था। घर में मां और बेटी थी। बेटी घर के छत पर मोबाइल से दोस्तों से बात कर रही थी। मां वहां पहुंची और मोबाइल छीन लिया। इससे बेटी गुस्से में आ गयी। उसने मां को छत से धक्का देकर आंगन में गिरा दिया। 

इसके बाद आंगन में आकर सिर पर पत्थर और कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। बेटी ने पूरे मामले को छिपाने के लिए शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया और बताया कि उसके पापा के दोस्त मनीष प्रजापति दो लोगों के साथ आये थे। उन्हीं लोगों ने मां की हत्या कर दी। 

लाला यादव ने थाने पर दर्ज कराई रिपोर्ट

घटना की जानकारी होने पर लाला यादव घर पर आये और मामले की जानकारी सरेनी थाने पर दी। पुलिस ने लाला यादव की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर पड़ताल शुरू किया। 

बेटी द्वारा लगाये गये आरोप के आधार पर पुलिस ने मनीष प्रजापति के बारे में जानकारी जुटानी शुरू की तो पता चला कि जिस दिन की घटना है उस दिन वह गांव में ही नहीं थे। 

इसके बाद पुलिस का शक बेटी पर बढ़ गया। पुलिस ने बेटी को हिरासत में लेकर कड़ाई से पूछताछ की तो सच सामने आ गया। पुलिस ने बेटी को गिरफ्तार कर लिया। 

अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने घटना की जानकारी देते हुए बताया की बेटी की उम्र 16 साल है। ऐसे में वह अभी नाबालिग है। उसे सुधार गृह भेजा गया है। 


Related Post

Archives

Advertisement











Trending News

Archives