October 07, 2026


नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले गया युवक : 3 दिन बाद पुलिस ने किया बरामद, 21 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार

डोंगरगढ़। जिले के छुरिया थाना क्षेत्र में नाबालिग बालिका को कथित तौर पर बहला- फुसलाकर ले जाने और उसके साथ छेड़छाड़ के मामले में पुलिस ने 21 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने नाबालिग को सकुशल बरामद कर आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया।

मामला पुलिस चौकी चिचोला क्षेत्र का है। पुलिस के मुताबिक 2 अक्टूबर को दोपहर करीब 11:30 बजे नाबालिग अचानक लापता हो गई थी। परिजनों ने अपने स्तर पर रिश्तेदारों और संभावित स्थानो पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। इसके बाद 3 अक्टूबर को परिजनो ने चिचोला पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने BNS की धारा 137(2) के तहत अपराध दर्ज कर नाबालिग की तलाश शुरू की।

सूचना मिलते ही पुलिस ने दी दबिश

पुलिस की लगातार पतासाजी के दौरान 5 अक्टूबर को सूचना मिली कि नाबालिग को ग्राम खपरीकला निवासी 21 वर्षीय पुनीत यादव के घर में रखा गया है। सूचना के आधार पर चिचोला पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर दबिश दी और नाबालिग को सकुशल बरामद कर लिया। इसके बाद पुलिस ने पुनीत यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने नाबालिग को मोटरसाइकिल से अपने घर ले जाने और उसके साथ छेड़छाड़ करने की बात स्वीकार की।

मोबाइल और मोटरसाइकिल जब्त

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में कथित रूप से इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल क्रमांक CG 04 ML 9817 जब्त की है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे रिमांड पर भेज दिया गया। नाबालिग की सकुशल बरामदगी के बाद पुलिस मामले में आगे की विवेचना कर रही है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives