August 19, 2026


शराब दुकान मे फायरिंग : गार्ड को लगी गोली, गंभीर रूप से घायल… सीसीटीवी फुटेज मे कैद हुई घटना

रायगढ़. पूंजीपथरा थाना क्षेत्र अंतर्गत गेरवानी स्थित शासकीय देशी कम्पोजिट मदिरा दुकान में एक युवक ने फायरिंग की है. फायरिंग में प्राइवेट गार्ड को गंभीर रूप से घायल हो गया है.

पुलिस ने इस पूरे मामले में हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश तेज कर दी है. घटना 17 अगस्त 2026 की रात्रि करीब 10:30 बजे की है, जब ईगल हंटर सॉल्यूशन लिमिटेड के तहत सुरक्षाकर्मी के रूप में तैनात चन्द्रशेखर पटेल (43 वर्ष) अपनी ड्यूटी पर मौजूद था.

पीड़ित गार्ड ने पुलिस को बताया कि एक अज्ञात युवक दुकान के सामने आकर उसके दोस्त से मारपीट की बात को लेकर गंदी-गंदी गालियां देने लगा और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देते हुए अचानक गोली चला दी, जो सीधे उसके पेट में जा लगी. गोली लगने के बाद घायल गार्ड ने आहाता के पीछे छिपकर अपने साथियों और डायल 112 को सूचना दी.

घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन पर पूंजीपथरा टीआई रामकिंकर यादव और साइबर टीआई विजय चेलक अपनी टीमों के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया.

पुलिस ने घायल गार्ड की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध क्रमांक 206/2026 में धारा 296, 351(3), 109(1) बीएनएस के तहत हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर लिया है. फिलहाल, पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगालने के साथ-साथ मुखबिरों की मदद से फरार आरोपी की पहचान सुनिश्चित करने और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है.


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives