October 29, 2026


सराफा व्यवसायी से 15 किलो चांदी और सोने के जेवर समेत डेढ़ लाख नकद छीनकर भागे लुटेरे

कवर्धा । तरेगांव जंगल थाना क्षेत्र के ग्राम दुर्जनपुर के पास सोना-चांदी के व्यवसायी और उसके साथी के साथ लूट की घटना सामने आई है। 27 अक्टूबर को ग्राम दलदली के साप्ताहिक बाजार से सोना-चांदी की खरीदी-बिक्री कर मोटरसाइकिल से लौट रहे व्यवसायियों का रास्ता रोककर अज्ञात मोटरसाइकिल सवारो ने मारपीट की और बैग में रखे सोने-चांदी के आभूषण व नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कबीरधाम पुलिस सक्रिय हो गई है। आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर तलाश शुरू कर दी गई है।

ग्राम दुर्जनपुर के पास वारदात

पुलिस के अनुसार, पांडातराई निवासी वेदप्रकाश सोनी अपने साथी नरेद्र पाटस्कर के साथ मोटरसाइकिल से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान ग्राम दुर्जनपुर के पास अज्ञात लोगों ने उन्हें रोक लिया और मारपीट कर उनके पास रखा बैग लूट लिया। प्रार्थी वेदप्रकाश सोनी के मुताबिक, बैग में 15 किलोग्राम से अधिक चांदी के आभूषण, 10 से 15 ग्राम सोने के आभूषण तथा 1 लाख 50 हजार रुपये नकद रखे थे। लूटे गए सामान की वास्तविक मात्रा और कीमत का आकलन जांच के बाद स्पष्ट होगा।

एसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक जितेंद्र कुमार यादव ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उनके निर्देश पर मंगलवार शाम से ही पुलिस अनुविभागीय अधिकारी अखिलेश कौशिक के नेतृत्व में साइबर थाना और तीन अन्य थानों की पुलिस टीम आरोपियो की पतासाजी में जुट गई है। पुलिस घटनास्थल से जुड़े तथ्यो, परिस्थितियों और अन्य संभावित सुरागों के आधार पर जांच कर रही है। तरेगाव जंगल पुलिस मामले की जांच कर रही है। आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए विभिन्न पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है। पुलिस कार्रवाई जारी है।


Archives

Advertisement

Trending News

Archives