रायपुर : छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाएं और सेवाएँ एक ही छत के नीचे सुलभ और पारदर्शी तरीके से उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सेवा सेतु केन्द्र का संचालन किया जा रहा है। इन केंद्रों के माध्यम से नागरिकों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है। इससे जरूरी दस्तावेज बनवाने की प्रक्रिया आसान हो रही है और लोगों को परेशानी से निजात मिल रही है। सेवा सेतु नागरिकों का सेवा प्रदाता के तौर पर उभर रहा है।
इसी कड़ी में मुंगेली कलेक्टोरेट परिसर में संचालित
सेवा सेतु केंद्र के माध्यम से ग्राम धरमपुरा निवासी कुणाल कुर्रे का जाति प्रमाण
पत्र बना। कुणाल के पिता श्री नरोत्तम कुर्रे ने बताया कि सेवा सेतु केंद्र में एक
ही स्थान पर विभिन्न डिजिटल सेवाएं उपलब्ध होने से आवश्यक दस्तावेज बनवाना सुविधाजनक
हुआ है। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए सेवा सेतु केंद्र के संचालन के लिए
शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।
एक ही छत के नीचे 442 से अधिक डिजिटल सेवाओं की मिल रही सुविधा
छत्तीसगढ़ शासन द्वारा नागरिक सेवाओं को अधिक सुलभ, सरल और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से पुराने लोक सेवा केंद्रों को उन्नत
कर सेवा सेतु केंद्र के रूप में विकसित किया गया है। इन केंद्रों के माध्यम से आय,
जाति एवं निवास प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन,
भवन अनुज्ञा तथा पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित सेवाओं
सहित 442 से अधिक डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था की
गई है।
सेवा सेतु केंद्र शासन की डिजिटल पहल को जमीनी स्तर
पर साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। एक ही स्थान पर अनेक सेवाओं की
उपलब्धता से नागरिकों का समय और श्रम बचता है तथा शासकीय सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान
होती है। कुणाल को आसानी से जाति प्रमाण पत्र मिलना यह दर्शाता है कि डिजिटल सेवा
व्यवस्था आम नागरिकों के लिए उपयोगी साबित हो रही है।