October 11, 2026


राजधानी में बदमाश बेखौफ : सड़क पर कटर मारकर युवक को उतारा मौत के घाट, पुलिस कर रही जांच

रायपुर. राजधानी रायपुर के अमलीडीह इलाके में शनिवार देर रात युवक की हत्या की सनसनीखेज वारदात सामने आई है. अज्ञात बदमाशों ने 18 वर्षीय युवक पर धारदार पेपर कटर से ताबड़तोड़ जानलेवा हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया. इस वारदात के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है. मामला न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र का है.

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान अमलीडीह निवासी 18 वर्षीय गौरव सेन के रूप में हुई है. शनिवार रात करीब 10:30 बजे गौरव किसी काम से बाहर गया था. घर लौटने के दौरान अमलीडीह स्थित स्वर्ण जयंती चौक के नजदीक पहुंचने पर, वहां पहले से मौजूद कुछ अज्ञात युवकों ने उसे चारों तरफ से घेर लिया. इससे पहले कि वह कुछ समझ पाता, आरोपियों ने अपने पास रखे पेपर कटर से उसकी जांघ पर एक के बाद एक कई ताबड़तोड़ वार कर दिए.

प्राणघातक हमले में गौरव की जांघ की मुख्य नस कट गई. नस कटते ही अत्यधिक मात्रा में रक्तस्राव शुरू हो गया और कुछ ही मिनटों में खून से लथपथ होकर वह जमीन पर गिर पड़ा. खून का बहाव इतना तेज था कि गंभीर रूप से घायल गौरव ने तड़पते हुए मौके पर ही दम तोड़ दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए.

सड़क पर युवक का शव देखकर स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी. जानकारी  मिलते ही न्यू राजेंद्र नगर पुलिस की टीम दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची. पुलिस ने हालात का मुआयना करने के बाद शव को अपने कब्जे में लिया. पंचनामा कर मृतक के परिजनों को इस दर्दनाक घटना की जानकारी दी गई. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

न्यू राजेंद्र नगर थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है. हालांकि, अब तक यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि इस वारदात के पीछे की मुख्य वजह क्या थी और इसमें कौन-कौन शामिल थे. पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ-साथ आरोपियों की पहचान और धरपकड़ के लिए विभिन्न बिंदुओं पर सघन जांच कर रही है. 


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives