मनेन्द्रगढ़। मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर जिले के मनेन्द्रगढ़ में जमीन बेचने के विवाद को लेकर बेटे द्वारा अपने पिता की हत्या करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार,
8 अक्टूबर 2026 को मनेन्द्रगढ़ के लालपुर
क्षेत्र में ऋषि कुमार सूर्यवंशी अपने घर में संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए
थे। प्रारंभिक जांच में उनके शरीर पर चोट के निशान मिले थे। मामले की गंभीरता को
देखते हुए पुलिस ने एफएसएल टीम से घटनास्थल का निरीक्षण कराया और गवाहों के बयान
दर्ज कर साक्ष्यों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान सामने आया कि 7
अक्टूबर को मृतक के बेटे रवि कुमार सूर्यवंशी ने जमीन बेचने के लिए
अपने पिता पर दबाव बनाया था। इसी विवाद के दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पानी के
पाइप से अपने पिता के साथ मारपीट की थी। मारपीट के कारण मृतक के शरीर के विभिन्न
हिस्सों में गंभीर अंदरूनी चोटें आईं, जिसके चलते उनकी मौत
हो गई।
जांच के दौरान संदेह के आधार पर
पुलिस ने आरोपी रवि कुमार सूर्यवंशी (27 वर्ष) निवासी वार्ड क्रमांक 06, लालपुर, मनेन्द्रगढ़ को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार किया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रत्ना
सिंह के मार्गदर्शन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल विश्वकर्मा के निर्देशन में की
गई। कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक पाटले सहित पुलिस टीम के अन्य
सदस्यों का योगदान रहा। मनेन्द्रगढ़ कोतवाली पुलिस मामले में आगे की वैधानिक
कार्रवाई कर रही है।