रायपुर : सेवा संकल्प अभियान के तहत महिला एवं बाल विकास तथा समाज कल्याण मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े ने सूरजपुर जिले के ग्राम पंचायत गोरखनाथपुर और कमलापुर में ग्रामीणों से सीधे संवाद किया। उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं और गांव की आवश्यकताएं सुनीं तथा संबंधित अधिकारियों को उनके निराकरण के लिए तत्परता से कार्य करने के निर्देश दिए। जनसंवाद के दौरान मंत्री ने जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने और ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार पर विशेष जोर दिया।
ग्रामीणों ने मंत्री श्रीमती राजवाड़े
के समक्ष स्थानीय समस्याएं और अपनी जरूरतें रखीं। मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने
प्रत्येक विषय को गंभीरता से सुना और समाधान के लिए आश्वस्त किया। उन्होंने कहा कि
शासन की योजनाओं की सफलता इस बात से तय होती है कि उनका लाभ जरूरतमंद और पात्र
परिवारों तक कितनी प्रभावी ढंग से पहुंचता है। इसके लिए जरूरी है कि अधिकारी आम
लोगों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहें और उनके निराकरण के लिए समयबद्ध प्रयास
करें। उन्होंने अधिकारियों से मैदानी स्तर पर योजनाओं के क्रियान्वयन पर ध्यान
देने और लोगों को उनकी पात्रता के अनुसार लाभ दिलाने को कहा।
जनसंवाद के दौरान मंत्री श्रीमती
राजवाड़े ने मुनगा का पौधा रोपकर पोषण जागरूकता का संदेश दिया। उन्होंने ग्रामीणों
से अपने घर-आंगन में मुनगा लगाने और स्थानीय पौष्टिक खाद्य पदार्थों को परिवार के
भोजन में शामिल करने की अपील की। उन्होंने कहा कि परिवार और समुदाय के छोटे-छोटे
प्रयास बच्चों तथा माताओं के पोषण को बेहतर बनाने में सहायक हो सकते हैं। ‘हर घर मुनगा, घर-घर मुनगा’ अभियान
में सक्रिय भागीदारी का आह्वान करते हुए उन्होंने कहा कि कुपोषण और एनीमिया के
विरुद्ध जागरूकता बढ़ाने में जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों और
स्थानीय समुदाय की अहम भूमिका है। परिवार पौष्टिक भोजन के महत्व को समझें और
बच्चों में भी अच्छी खानपान की आदतों को प्रोत्साहित करें।
ग्राम कुमदा बस्ती में नशामुक्त भारत
अभियान के अंतर्गत आयोजित कार्यक्रम में मंत्री श्रीमती राजवाड़े ने युवाओं और
नागरिकों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से अपने स्वास्थ्य और
भविष्य के प्रति सजग रहने की अपील करते हुए कहा कि नशे की आदत व्यक्ति की सेहत,
परिवार की खुशहाली और उसकी प्रगति को प्रभावित करती है। उन्होंने नागरिकों
से नशे के दुष्परिणामों के बारे में आसपास के लोगों को जागरूक करने और परिवार तथा
समाज में नशामुक्त वातावरण बनाने में सहयोग देने का आग्रह किया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इन
कार्यक्रमों में जनसंवाद, पोषण
जागरूकता और नशामुक्ति का संदेश एक साथ सामने आया। कार्यक्रमों में स्थानीय
जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, संबंधित
अधिकारी-कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।