September 29, 2026


रंगोली में सजे राष्ट्रप्रेम के रंग, विद्यार्थियों ने दिया सेवा और एकता का संदेश, एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डोंगरिया, लाटा और नेवसा में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ थीम पर आकर्षक रंगोली का प्रदर्शन

रायपुर : सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गौरेला पेन्ड्रा मरवाही जिले में विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा और राष्ट्रप्रेम की भावना को अभिव्यक्त करने के उद्देश्य से “सेवा के रंग, राष्ट्र के संग” थीम पर विशेष रंगोली कार्यक्रम का आयोजन किया गया। शिक्षा विभाग एवं आदिम जाति कल्याण विभाग के सहयोग से गौरेला पेन्ड्रा मरवाही जिले के तीनों एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालयों, डोंगरिया, लाटा और नेवसा में विद्यार्थियों ने ‘रंगोली राष्ट्र भारत मंडल‘ का आकर्षक प्रदर्शन किया।

रंगों के माध्यम से विद्यार्थियों ने उकेरी राष्ट्रभावना

कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी कल्पनाशीलता, कला-कौशल और रचनात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए विभिन्न रंगों से मनमोहक रंगोलियां सजाईं। रंगोलियों में राष्ट्रप्रेम, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक समरसता, सेवा भावना, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा विकसित भारत की संकल्पना को कलात्मक रूप से प्रस्तुत किया गया।

विद्यार्थियों द्वारा तैयार रंगोली में भारत की विविधता और एकता का सुंदर समन्वय देखने को मिला। रंग-बिरंगे रंगों से सजे भारत मंडल ने ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत‘ की भावना को रचनात्मक अभिव्यक्ति दी। विद्यार्थियों ने अपनी कला के माध्यम से यह संदेश दिया कि राष्ट्र निर्माण केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से संभव होता है।

रचनात्मक गतिविधि से विद्यार्थियों में बढ़ी सेवा भावना

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित इस गतिविधि का उद्देश्य विद्यार्थियों को सेवा, अनुशासन, स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सहभागिता जैसे मूल्यों से जोड़ना रहा। रंगोली निर्माण के दौरान विद्यार्थियों ने सामूहिक रूप से कार्य करते हुए सहयोग, समन्वय और सहभागिता की भावना का भी परिचय दिया।

विद्यालयों में आयोजित इस कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को अपनी कलात्मक प्रतिभा प्रदर्शित करने के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों को समझने का अवसर प्रदान किया। रंगों और आकृतियों के माध्यम से विद्यार्थियों ने अपने मन में बसे राष्ट्रप्रेम और समाज के प्रति सेवा भावना को अभिव्यक्त किया।

शिक्षा के साथ संस्कार और सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश

कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को यह संदेश दिया गया कि शिक्षा का उद्देश्य केवल शैक्षणिक ज्ञान प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदार, संवेदनशील और समाज के प्रति जागरूक नागरिक बनना भी है। विद्यार्थियों को स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, अनुशासन और सामाजिक सहभागिता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

तीनों विद्यालयों में विद्यार्थियों और शिक्षकों में दिखा उत्साह

एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय डोंगरिया, लाटा और नेवसा में आयोजित रंगोली प्रदर्शन में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शिक्षक-शिक्षिकाओं ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन एवं उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर रंगों की आकर्षक छटा से सजे नजर आए और विद्यार्थियों की रचनात्मकता ने सेवा संकल्प अभियान के संदेश को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया।

इस आयोजन ने विद्यार्थियों की कला और रचनात्मक सोच को मंच देने के साथ ही सेवा, राष्ट्रप्रेम, एकता और सामाजिक समरसता के मूल्यों को जीवन में अपनाने का संदेश दिया। ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग‘ की थीम पर सजी रंगोलियां विद्यार्थियों की प्रतिभा के साथ उनके सामाजिक सरोकारों की सुंदर अभिव्यक्ति बनीं।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives