बिलासपुर : बिलासपुर में एक राष्ट्रीय पार्टी में बड़ा पद दिलाने और पार्टी की सदस्यता दिलाने के नाम पर 82 लाख 63 हजार रुपए की ठगी का मामला सामने आया है। सरकंडा पुलिस ने मामले की मुख्य आरोपी महिला निखत परवीन शाबरी उर्फ निकहत शाबरी उर्फ निक्की (34) को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला खोंगापानी स्थित अपने घर में मिली, जहां से पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार किया।आरोपी के खिलाफ पहले से वसूली और जुआ समेत कई मामले दर्ज हैं। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, सरकंडा के श्री
विहार निवासी चेतन आनंद दुबे की वर्ष 2025 में फेसबुक के
जरिए निखत से पहचान हुई थी। महिला ने खुद को एक राष्ट्रीय पार्टी का कार्यकर्ता
बताते हुए बड़े नेताओं से करीबी संपर्क होने का दावा किया। शुरुआत में जमीन विवाद
सुलझाने का भरोसा दिलाकर उसने चेतन का विश्वास जीता।
इसके बाद पार्टी में बड़ा पद दिलाने और ज्वाइनिंग
कराने के नाम पर पार्टी फंड और कागजी प्रक्रिया का हवाला देकर रकम मांगनी शुरू कर
दी। पुलिस के मुताबिक, प्रार्थी और उसके परिचितों के बैंक
खातों के जरिए ऑनलाइन तथा नकद मिलाकर कुल 82 लाख 63 हजार रुपए लिए गए।
जब चेतन ने अपनी रकम वापस मांगी तो महिला पर धमकी
देने का भी आरोप है। शिकायत के आधार पर सरकंडा पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू
की और खोंगापानी पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से
मोबाइल, आधार कार्ड के साथ प्रार्थी के
दस्तावेज और बायोडाटा भी जब्त किए हैं।