September 28, 2026


सेवा संकल्प अभियान : गांगपुर जलाशय में स्वच्छता अभियान के साथ जल संरक्षण का दिया संदेश, जल स्रोतों की स्वच्छता और संरक्षण के लिए ग्रामीणों ने निभाई सहभागिता

रायपुर : सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले के  गौरेला जनपद के गांगपुर जलाशय एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान और जल स्रोत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जल संसाधन विभाग, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग एवं पंचायत विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में ग्रामीणों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए जल संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश दिया।

अभियान के दौरान गांगपुर जलाशय परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई की गई। ग्रामीणों को जल स्रोतों को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने, जल का विवेकपूर्ण उपयोग करने तथा वर्षा जल के संरक्षण एवं संवर्धन के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। साथ ही जल स्रोतों के आसपास कचरा एवं गंदगी नहीं फैलाने तथा प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण में सामुदायिक सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विभागीय अमले ने ग्रामीणों से कहा कि जल केवल प्राकृतिक संसाधन ही नहीं, बल्कि जीवन और आने वाली पीढ़ियों की अमूल्य धरोहर है। जल स्रोतों की स्वच्छता और संरक्षण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। दैनिक जीवन में छोटी-छोटी आदतों में बदलाव कर तथा पानी के अपव्यय को रोककर जल संरक्षण में महत्वपूर्ण योगदान दिया जा सकता है।

सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से ग्रामीणों को जल स्रोतों की स्वच्छता, सुरक्षा एवं संरक्षण के प्रति निरंतर जागरूक रहने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम ने ‘स्वच्छ जल स्रोत-सुरक्षित भविष्य’ की भावना को मजबूत करते हुए ग्रामीणों को जल संरक्षण के प्रयासों में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives