September 17, 2026


सारंगढ़-बिलाईगढ़ में 'सेवा संकल्प' की अनूठी मिसाल : जिलेभर में उमड़ा स्वैच्छिक रक्तदान का जनसैलाब, प्रशासनिक अधिकारियों संग युवाओं ने पेश की मानवता की नजीर

​रायपुर :  'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में जनसेवा और संवेदना का एक अद्भुत दृश्य देखने को मिला। जिला चिकित्सालय सारंगढ़ सहित जिले के तमाम सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में विशाल स्वैच्छिक रक्तदान शिविरों का आयोजन किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और स्थानीय नागरिकों ने अभूतपूर्व उत्साह के साथ हिस्सा लिया। रक्तदाताओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर न केवल मानव सेवा का संदेश दिया, बल्कि जरूरतमंद मरीजों के जीवन को बचाने में अपनी महत्वपूर्ण भागीदारी भी सुनिश्चित की।

​जिला चिकित्सालय सारंगढ़ में आयोजित इस गरिमामयी शिविर का शुभारंभ  जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पांडे, कलेक्टर,जिला पंचायत सीईओ, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी तथा सिविल सर्जन की विशेष उपस्थिति में हुआ। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए आम जनता को भी जीवनदान के इस पुनीत कार्य के लिए प्रेरित किया। जिला मुख्यालय के साथ-साथ जिले के सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी युवाओं और विभिन्न सामाजिक वर्गों का भारी उत्साह देखने को मिला, जिन्होंने बढ़-चढ़कर रक्तदान किया। 

​शिविर के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम ने नागरिकों को नियमित रक्तदान के स्वास्थ्य लाभों और आपातकालीन परिस्थितियों में इसकी जीवनरक्षक उपयोगिता के प्रति जागरूक किया। नागरिकों से अपील की गई कि वे समय-समय पर स्वेच्छा से रक्तदान कर मरीजों की रक्षा में अपना योगदान दें। जिलेभर में दिखाई दी इस व्यापक जनभागीदारी ने यह साबित कर दिया कि सामूहिक प्रयास और सेवा भावना से किसी का जीवन संवारा जा सकता है, जिससे सेवा संकल्प अभियान के 'सेवा, संवेदना और जनसहभागिता' के मूल ध्येय को नई मजबूती मिली है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives