रायपुर। रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के उरला थाना क्षेत्र स्थित व्हीआर एजुकेशन एकेडमी में ताला तोड़कर लाखों रुपये की चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वारदात के बाद दोनों आरोपी ट्रेन से उज्जैन फरार होने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने आरपीएफ भिलाई और बैतूल पुलिस की मदद से उन्हें बैतूल में पकड़ लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी की 4 लाख 97 हजार 500 रुपये की नगदी बरामद की गई है। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर मामले का खुलासा किया है।
मामला थाना उरला
क्षेत्र के बीरगांव कैलाश नगर स्थित व्हीआर एजुकेशन एकेडमी का है। एकेडमी की
संचालक प्रगति वर्मा ने पुलिस को बताया कि 31
अगस्त 2026 की मध्यरात्रि करीब 12:06 बजे से 12:48 बजे के बीच अज्ञात व्यक्ति एकेडमी का
ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुआ। इसके बाद आरोपी ने अलमारी के लॉकर में रखी नगदी चोरी
कर ली और मौके से फरार हो गया। शिकायत पर उरला थाना में धारा 331(4), 305 एवं 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया गया।
लाखों रुपये की चोरी को गंभीरता से
लेते हुए पुलिस अधिकारियों ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस
उपायुक्त नॉर्थ जोन दीपमाला कश्यप के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आदित्य
पाण्डेय, सहायक पुलिस आयुक्त
पूर्णिमा लामा और थाना प्रभारी उरला रोहित मालेकर के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित
की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके
साथ ही एकेडमी से जुड़े लोगों से अलग-अलग पूछताछ की गई और आरोपियों की तलाश के लिए
मुखबिरों को भी सक्रिय किया गया।
ट्रेन से उज्जैन भागने की फिराक में
थे आरोपी
जांच के दौरान पुलिस को सीसीटीवी
फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपियों के ट्रेन के रास्ते उज्जैन की ओर जाने की
जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने आरपीएफ भिलाई और बैतूल पुलिस से समन्वय
स्थापित किया। पुलिस की सूचना पर दोनों आरोपियों को मध्य प्रदेश के बैतूल में
हिरासत में लिया गया। इसके बाद उन्हें रायपुर लाकर पूछताछ की गई।
पूछताछ करने पर दोनों आरोपियों ने
व्हीआर एजुकेशन एकेडमी में चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। इसके बाद
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की 4,97,500
रुपये की नगदी बरामद की।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
चित्रांश सेन (18
वर्ष), निवासी धनीराम फील्ड कंपनी, यातायात के पास, खमतराई थाना, फिरोज
साहू (19 वर्ष), निवासी कैलाश नगर,
बीरगांव, शिव मंदिर के पास, उरला थाना पुलिस के अनुसार, आरोपी चित्रांश सेन के
खिलाफ वर्ष 2022 में थाना खमतराई में दो अपराध दर्ज हुए थे।
इनमें मारपीट और मोटरसाइकिल चोरी का मामला शामिल है।