September 01, 2026


सती बाई कहती हैं “विष्णु भइया के सुशासन में मिला सहारा, आज अपने पैरों पर खड़ी हूं”, पीएम-अजय योजना से 50 हजार का अनुदान और ऋण, ब्यूटी पार्लर बना आत्मनिर्भरता का जरिया

रायपुर : कबीरधाम जिले के ग्राम मरका, तहसील कवर्धा निवासी श्रीमती सती बाई कोरी के जीवन में शासन की योजना ने आत्मनिर्भरता की नई राह खोली है। अनुसूचित जाति वर्ग के लिए संचालित प्रधानमंत्री अनुसूचित जाति अभ्युदय (पीएम-अजय) योजना के अंतर्गत उन्हें वर्ष 2025-26 में ब्यूटी पार्लर व्यवसाय के लिए 50 हजार का अनुदान स्वीकृत हुआ।

सती बाई बताती हैं कि योजना की जानकारी मिलने के बाद उन्होंने ब्यूटी पार्लर व्यवसाय शुरू करने के लिए विभाग में आवेदन किया। अनुदान और ऋण की सहायता से उन्होंने अपना व्यवसाय स्थापित किया, जिससे अब उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का अवसर मिला है।

वे कहती हैं कि पहले परिवार की आर्थिक जरूरतों को पूरा करने में कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था, लेकिन योजना से मिली सहायता ने उनके लिए रोजगार का नया साधन तैयार किया। आज वे अपने व्यवसाय से परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के साथ अपने बच्चों की पढ़ाई पर भी ध्यान दे पा रही हैं। नियमित रूप से ऋण की किश्त जमा करने के साथ विभागीय अधिकारियों से मिलने वाले मार्गदर्शन से उन्हें व्यवसाय को आगे बढ़ाने में सहायता मिल रही है।

सती बाई भावुक होकर कहती हैं विष्णु भइया के सुशासन में हम जैसे जरूरतमंद परिवारों को आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। शासन की योजना से मुझे अनुदान और सहयोग मिला, जिससे मैं अपना काम शुरू कर पाई। अब छोटी-बड़ी जरूरतों के लिए किसी से कर्ज लेने की मजबूरी नहीं है। मैं अपने परिवार को आगे बढ़ाने के लिए मेहनत कर रही हूं।

मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य शासन द्वारा महिलाओं और वंचित वर्गों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। पीएम-अजय योजना के माध्यम से सती बाई जैसे हितग्राहियों को वित्तीय सहायता एवं मार्गदर्शन देकर उन्हें आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ाया जा रहा है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives