रायपुर : श्री चौधरी ने कहा कि कोई भी समाज तभी आगे बढ़ता है जब वह शिक्षा, संगठन, संस्कार और सामाजिक उत्तरदायित्व को प्राथमिकता देता है। उन्होंने समाज के युवाओं से शिक्षा, नवाचार और नेतृत्व के क्षेत्र में आगे बढ़कर राज्य एवं राष्ट्र के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
वित्त मंत्री श्री ओपी चौधरी शनिवार
को धमतरी जिले के ग्राम छाती में आयोजित चंद्रनाहू (चंद्राकर) कुर्मी-क्षत्रिय
समाज के कार्यक्रम में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने समाजजनों को संबोधित करते
हुए छत्तीसगढ़ एवं देश के विकास में समाज की भूमिका और योगदान को और अधिक प्रभावी
बनाने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से अपने विचार साझा किए।
श्री चौधरी ने कहा कि भारत आज
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा
है। ऐसे समय में समाज के प्रत्येक वर्ग की जिम्मेदारी है कि वह राष्ट्र निर्माण की
प्रक्रिया में अपनी सकारात्मक और रचनात्मक भूमिका निभाए। उन्होंने समाज की
गौरवशाली परंपराओं, सामाजिक योगदान और
सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए आने वाली पीढि़यों को संस्कारवान एवं सक्षम
बनाने पर जोर दिया।
कार्यक्रम में समाज के पदाधिकारियों,
वरिष्ठजनों, युवाओं एवं बड़ी संख्या में
समाजजनों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में समाज के विकास और राष्ट्र की
उन्नति के संकल्प के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में “राजा
रामचंद्र की जय” एवं “छत्रपति शिवाजी
महाराज की जय” के उद्घोष किए गए।