May 31, 2026


बलरामपुर जिले में एमबीयू अभियान को मिली गति, 95.91 प्रतिशत बच्चों का हुआ मैंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट

33 हजार से अधिक बच्चों का आधार अपडेट, छात्रवृत्ति एवं शासकीय योजनाओं का मिलेगा सुगम लाभ

रायपुर : बलरामपुर जिले में स्कूली बच्चों के आधार कार्ड के मैंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट (एमबीयू) अभियान को उल्लेखनीय सफलता मिल रही है। जिला प्रशासन एवं विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से अब तक जिले के 33 हजार 328 बच्चों का आधार बायोमेट्रिक अपडेट किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का 95.91 प्रतिशत है।

अभियान का उद्देश्य बच्चों की आधार संबंधी जानकारी को अद्यतन कर उन्हें छात्रवृत्ति, शिक्षा, बैंकिंग तथा विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ सुगमता से उपलब्ध कराना है। राज्य शासन एवं भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) के निर्देशानुसार जिले के सभी विकासखंडों में विशेष शिविर आयोजित कर एमबीयू का कार्य किया जा रहा है।

माह अक्टूबर 2025 से जिले के विद्यालयों में आधार ऑपरेटरों द्वारा विशेष शिविर लगाकर बच्चों का बायोमेट्रिक अपडेट किया जा रहा है। अब तक जिले में कुल 2089 शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 37 आधार ऑपरेटरों की टीम ने 33 हजार 328 बच्चों का मैंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट किया है। सतत मॉनिटरिंग एवं सुनियोजित कार्ययोजना के कारण अभियान को लगातार गति मिल रही है।

विशेष रूप से मई माह में युद्धस्तर पर कार्य करते हुए एक ही माह में 7 हजार 612 बच्चों का एमबीयू किया गया। अभियान को प्रभावी बनाने के लिए शिक्षा विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा आधार ऑपरेटरों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित किया गया है।

यूआईडीएआई के दिशा-निर्देशों के अनुसार मैंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट दो चरणों में कराया जाता है। पहला अपडेट 5 से 15 वर्ष की आयु के बीच तथा दूसरा अपडेट 15 से 17 वर्ष की आयु के बीच अनिवार्य है। यह प्रक्रिया बच्चों की पहचान संबंधी जानकारी को प्रमाणिक एवं अद्यतन बनाए रखने के लिए आवश्यक मानी गई है। यूआईडीएआई द्वारा यह सुविधा 30 सितम्बर 2026 तक निःशुल्क उपलब्ध कराई गई है, जिसके बाद एमबीयू कराने पर 125 रुपये शुल्क देय होगा।

जिला प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि जिन बच्चों का अभी तक मैंडेटरी बायोमेट्रिक अपडेट नहीं हुआ है, वे 30 सितम्बर 2026 से पूर्व अपने नजदीकी आधार सेवा केंद्र अथवा विशेष शिविर में पहुंचकर यह कार्य अवश्य करा लें। आधार की अद्यतन जानकारी बच्चों को भविष्य में विभिन्न सेवाओं एवं शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सहायक होगी।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives