May 27, 2026


ढाबा मे खाना खाने गए छात्रों पर चाकू से हमला, पाइप और पत्थरों से ताबड़तोड़ वार, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

बिलासपुर : बिलासपुर से एक बेहद सनसनीखेज और खूनी वारदात सामने आई है। सकरी थाना क्षेत्र के नेशनल हाईवे पर स्थित भवानी ढाबा के बाहर देर रात खाना खाने गए तीन छात्रों पर बदमाशों ने जानलेवा हमला कर दिया। मामूली विवाद के बाद बदमाशों ने पीड़ितों पर चाकू, बेल्ट, पाइप और पत्थरों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे तीनों युवक लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गए। इतना ही नहीं, आरोपियों पर पीड़ितों की सोने की चैन लूटने और मोबाइल फोन को जमीन पर पटककर चकनाचूर करने का भी संगीन आरोप लगा है। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद हरकत में आई सकरी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सुमित यादव को धारदार चाकू के साथ गिरफ्तार कर लिया है।

पूरी घटना 24 मई की देर रात की बताई जा रही है। शिकायतकर्ता छात्र हर्ष पटेल अपने दोस्तों आदित्य मुदलियार और आदित्य साहू के साथ जोंकी और लोखंडी के बीच स्थित भवानी ढाबा में खाना खाने गया था। जब तीनों खाना खाकर वापस लौट रहे थे, तभी वहां मौजूद बदमाशों ने बिना किसी वजह के गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपी सुमित यादव ने अपने छह से सात साथियों के साथ मिलकर पीड़ितों पर हमला बोल दिया। धारदार चाकू और लाठी-डंडों से किए गए इस हमले में तीनों छात्रों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आई हैं। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पीड़ितों की सोने की चैन लूटकर और उनका मोबाइल तोड़कर मौके से फरार हो गए।

घटना की रिपोर्ट दर्ज होते ही बिलासपुर पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी की टीम ने घेराबंदी करते हुए महज कुछ ही घंटों में मुख्य आरोपी सुमित यादव को ओवरब्रिज के पास से दबोच लिया। आरोपी के पास से पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल धारदार चाकू बरामद कर उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की है और उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। वहीं, मामले में लापरवाही बरतने वाले ढाबा संचालक राजकुमार पमनानी और थाने में आकर आरोपी का पक्ष लेने व पुलिस कार्रवाई में बाधा डालने वाले दो अन्य सहयोगियों के खिलाफ भी पुलिस ने सख्त प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की है। फिलहाल, पुलिस मामले के अन्य फरार आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives