जशपुर। छत्तीसगढ़ की जशपुर पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने पिकअप वाहन से एक करोड़ रुपए से ज्यादा का गांजा बरामद किया है, जिसे आम के ट्रे के बीच में छिपाकर ओडिशा ले जाया जा रहा था। इसी के साथ ही एक तस्कर को भी गिरफ्तार किया गया है। यह पूरा मामला कांसाबेल थाना अंतर्गत दोकड़ा चौकी क्षेत्र का है।
डीआईजी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह के नेतृत्व में नशे के सौदागरों के खिलाफ विशेष अभियान
ऑपरेशन आघात चलाया जा रहा है, जिसके
तहत जशपुर पुलिस लगातार नशे के कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी
में दोकड़ा चौकी क्षेत्र में एक पिकअप वाहन से दो क्विंटल से ज्यादा गांजा सहित एक
आरोपी को पकड़ा है।
दरअसल, 12 मई को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सफेद रंग के पिकअप वाहन में
गांजे की तस्करी की जा रही है, जिसके बाद एक्शन में आई टीम
ने देवरी गांव के पास नाकेबंदी की। इस दौरान तस्कर पुलिस की नाकेबंदी देखकर गाड़ी
लेकर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने उसे बगिया दोकड़ा मुख्य
मार्ग के पास पकड़ लिया।
पुलिस की टीम ने जब उस वाहन की
चेकिंग की, तो आम के ट्रे के बीच में
207 पैकेट 207 किलो गांजा मिला। इस
गांजे को टेप में लपेटकर छिपाया गया था, जिसकी कीमत 1
करोड़ 3 लाख 50 हजार
रुपए आंकी गई है। साथ ही पिकअप वाहन, एक मोबाइल और 550
रुपए नगद जब्त किया गया है।
कहां से कहां हो रही थी तस्करी ?
वही पुलिस ने बगीचा थाना क्षेत्र के
विमड़ा गांव में रहने वाले प्रेम नाथ सिंह (36) को भी गिरफ्तार किया है। टीम ने जब उससे पूछताछ की तो उसने बताया कि उसने
गांजा को ओडिशा के सुंदरगढ़ से लाया था, जिसे वो अंबिकापुर
लेकर जा रहा था और वहां से एक अन्य व्यक्ति उस गांजा को उत्तर प्रदेश लेकर जाने
वाला था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चौकी दोकड़ा में एन डी पी एस की धारा 20(बी)(2)(सी) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
डी आई जी ने मामले में क्या कहा ?
डी आई जी एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक
जशपुर डॉ लाल उमेद सिंह ने बताया कि पुलिस ने दोकड़ा क्षेत्र में एक पिकअप से
करोड़ों रुपए का दो क्विंटल से अधिक अवैध मादक प्रदार्थ गांजा सहित एक आरोपी को
गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले में एंड टू एंड इन्वेस्टीगेशन कर रही है,
नशे के कारोबार में संलिप्त किसी को भी छोड़ा नहीं जावेगा, सख्त कानूनी कार्यवाही की जावेगी
2026 में अब तक की कार्रवाई
बता दें कि जशपुर पुलिस ने जनवरी 2026
से अब तक 03 करोड़ 24 लाख
55 हजार 550 रुपए कीमत की नशे के सामान
को पकड़ा है, जिसमें गांजा के कुल 08 प्रकरणों
में 744 किलो 227 ग्राम गांजा, नशीली कफ सिरफ के कुल 03 प्रकरण में 1840 नग प्रतिबंधित कफ सिरफ, ब्राउन शुगर के एक प्रकरण
में 8.04 ग्राम ब्राउन शुगर और गांजा पौधा उगाने के 01
प्रकरण में 90 नग में 14 किलो गांजे के पौधा को जप्त करते हुए 27 आरोपी
तस्करों के गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया है। साथ ही 54 लाख रुपए से ज्यादा की तस्करी में प्रयुक्त वाहन, जिसमें
08 कार, 01 पिकअप व 01 मोटर साइकिल शामिल हैं को जब्त किया जा चुका है। नशे के खिलाफ जशपुर पुलिस
की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।