रायपुर : मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के निर्देशानुसार “सुशासन तिहार 2026” के अंतर्गत जिले के ग्रामीण एवं नगरीय क्षेत्रों में जनसमस्या निवारण शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इन शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों की समस्याओं का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज जांजगीर चांपा जिले
के नगर पालिका अकलतरा के कंवर भवन भुवन भास्कर प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय,
वार्ड क्रमांक 12 तथा जनपद पंचायत पामगढ़
अंतर्गत ग्राम पंचायत तनौद के हाई स्कूल परिसर में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित
किया गया।
प्रभारी सचिव ने लिया व्यवस्थाओं का
जायजा
ग्राम पंचायत तनौद में आयोजित शिविर
का जिले के प्रभारी सचिव श्री एस. प्रकाश ने निरीक्षण किया। इस दौरान विधायक,
प्रभारी सचिव, कलेक्टर, जिला
पंचायत अध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए
स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं के क्रियान्वयन और प्राप्त आवेदनों के निराकरण की
समीक्षा की। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं
का शत-प्रतिशत लाभ सुनिश्चित किया जाए।
हितग्राहियों को सामग्री,
प्रमाण पत्र और सहायता राशि का वितरण
शिविर में प्रधानमंत्री आवास योजना
के तहत हितग्राहियों को आवास की चाबियां सौंपी गईं। साथ ही मनरेगा जॉब कार्ड,
राशन कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) ऋण
स्वीकृति पत्र, श्रम कार्ड, आयुष्मान
भारत कार्ड, सुपोषण किट, ऋण पुस्तिका
सहित विभिन्न योजनाओं के तहत सामग्री एवं चेक वितरित किए गए।
स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को
स्वरोजगार एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए ऋण स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए। महिला एवं
बाल विकास विभाग द्वारा गोद भराई एवं अन्नप्राशन कार्यक्रम आयोजित किया गया। शिविर
में विशेष स्वास्थ्य शिविर लगाकर नागरिकों को स्वास्थ्य जांच एवं उपचार सेवाओं का
लाभ भी दिया गया।
तनौद शिविर में 1342
आवेदन प्राप्त
ग्राम पंचायत तनौद में आयोजित शिविर
में कुल 1342 आवेदन प्राप्त हुए,
जिनमें 1281 मांग एवं 61 शिकायतें शामिल हैं।
प्रभारी सचिव ने गुणवत्तापूर्ण
निराकरण पर दिया जोर
प्रभारी सचिव श्री एस. प्रकाश ने कहा
कि सुशासन तिहार का उद्देश्य आम नागरिकों की समस्याओं का प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण
समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविरों में प्राप्त
सभी आवेदनों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित किया जाए तथा अधिक से अधिक पात्र
हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से लाभान्वित किया जाए। उन्होंने नागरिकों से
ईंधन की बचत करने, दोपहिया वाहन चलाते समय
हेलमेट पहनने, कार में सीट बेल्ट लगाने और यातायात नियमों का
पालन करने की अपील भी की।
जनप्रतिनिधियों ने नागरिकों से
शिविरों का लाभ लेने की अपील की
विधायक पामगढ़ श्रीमती शेषराज हरबंश
ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से आम जनता की समस्याओं का समाधान किया जा रहा
है। जिला पंचायत अध्यक्ष इंजी. सत्यलता आनंद मिरी ने कहा कि शासन की मंशा है कि
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचे।
पूर्व संसदीय सचिव श्री अंबेश जांगड़े
ने कहा कि शासन-प्रशासन गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहा है
और सभी पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से लाभ दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है।
कलेक्टर श्री जन्मेजय महोबे ने कहा
कि सुशासन तिहार का उद्देश्य नागरिकों की समस्याओं का सरल,
पारदर्शी और त्वरित समाधान करना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश
दिए कि सभी प्राप्त आवेदनों के निराकरण की जानकारी संबंधित आवेदकों को दी जाए तथा
विशेष स्वास्थ्य शिविरों का अधिकाधिक लाभ नागरिकों तक पहुंचाया जाए।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य
श्रीमती प्रमिला साहू, श्रीमती संतोषी सिंह
रात्रे, श्रीमती प्रीति दिव्य, जनपद
पंचायत पामगढ़ उपाध्यक्ष श्री रूपचंद साहू, जिला पंचायत सीईओ
श्री गोकुल रावटे, अपर कलेक्टर श्री आर.के. तंबोली सहित
जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक
उपस्थित रहे।
15 मई को नगर पालिका चांपा
एवं ग्राम पंचायत जर्वे-च में लगेगा जनसमस्या निवारण शिविर
सुशासन तिहार 2026
के अंतर्गत 15 मई को नगर पालिका चांपा के
छत्रपति शिवाजी खेल सभागृह (इंडोर हॉल) में वार्ड क्रमांक 11 से 25 तक तथा जनपद पंचायत बलौदा अंतर्गत ग्राम
पंचायत जर्वे-च में जनसमस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
जर्वे-च क्लस्टर के अंतर्गत 19
ग्राम पंचायतों के नागरिक इस शिविर में शामिल होंगे। जिला प्रशासन
ने आम नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं प्रस्तुत करने
और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की है।