May 05, 2026


महिला व्याख्याता से 48 लाख की ठगी, ट्रेडिंग के नाम पर व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा, फिर फंसाया

सूरजपुर : जिले के विश्रामपुर क्षेत्र से साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है, जहां ऑनलाइन ट्रेडिंग में ज्यादा मुनाफा दिलाने का झांसा देकर एक महिला व्याख्याता से 48 लाख रुपए से अधिक की रकम ठग ली गई. पीड़िता जयनगर बाजारपारा स्थित हायर सेकेंडरी स्कूल में पदस्थ है और विश्रामपुर के SECL के ऑफिसर कॉलोनी की निवासी बताई जा रही है. 

दरअसल, कुछ दिन पहले महिला को सोशल मीडिया के जरिए एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जिसका नाम  इनवेस्को इंडिया फाइनेंशियल रिपोर्ट डिकोडिंग ग्रुप था. इस ग्रुप में मौजूद लोगों ने खुद को निवेश सलाहकार बताते हुए आईपीओ ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का भरोसा दिलाया. उनके कहने पर महिला ने एक लिंक के माध्यम से ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर अपना अकाउंट बनाया. इसके बाद ठगों ने अलग-अलग तारीखों में यूपीआई और आरटीजीएस के जरिए विभिन्न बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर कराए 6 अप्रैल से 28 अप्रैल के बीच महिला ने कई किश्तों में 48 लाख रुपए से अधिक जमा कर दिए. उन्होंने अपनी रकम निकालने की कोशिश की तो ठगों ने टैक्स और सर्विस चार्ज के नाम पर अतिरिक्त 4 लाख रुपए और जमा करने का दबाव बनाया.

पुलिस ने दर्ज किया केस  

इससे महिला को ठगी का अहसास हुआ और उन्होंने तुरंत पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पीड़िता ने बताया कि निवेश के लिए उन्होंने अपने परिचितों और रिश्तेदारों से उधार लेकर पैसे जुटाए थे, जिससे अब उन पर आर्थिक दबाव भी बढ़ गया है.  विश्रामपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ बीएनएस और आईटी एक्ट की संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. ठगी की रकम को होल्ड कराने और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है. 


Archives

Advertisement

Trending News

Archives