बस्तर : जिले में रंगपंचमी की पहली शाम खुशियों का माहौल उस वक्त मातम में बदल गया, जब दो युवकों की बेरहमी से हत्या कर दी गई. मामला नगरनार थाना क्षेत्र के कलचा गांव का है, जो बस्तर सांसद का गांव है.
बताया जा रहा है कि गांव में
पारंपरिक रूप से होली दहन का कार्यक्रम चल रहा था, उसी
दौरान एक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. सालगुड़ गांव के दो युवकों पर एक युवक की
प्रेमिका को रंग लगाने का शक जताया गया. इसी संदेह को लेकर कलचा गांव के चार
युवकों ने दोनों को घेर लिया.
देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया
कि आरोपियों ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे
दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद उन्हें बचाने की कोशिश की गई,
लेकिन दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. मृतकों की पहचान रोहित और
उमेश के रूप में हुई है.
पुलिस ने आरोपी को किया
गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही नगरनार पुलिस
मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया.
गिरफ्तार आरोपियों में से एक के नाबालिग होने की भी जानकारी सामने आई है. फिलहाल
पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इस सनसनीखेज वारदात के पीछे के पूरे
घटनाक्रम की जांच की जा रही है. रंगों के त्योहार से पहले महज एक शक ने दो युवकों
की जान ले ली, जिससे पूरे इलाके में शोक
और सन्नाटा पसरा हुआ है.