March 06, 2026


बेटी के सुनहरे भविष्य की नींव बनी सुकन्या समृद्धि योजना, सुरेखा भगत ने अपनी बेटी के उज्ज्वल भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना का लिया लाभ

रायपुर : बेटियों के उज्ज्वल भविष्य को सुरक्षित और सशक्त बनाने के उद्देश्य से केंद्र सरकार द्वारा संचालित सुकन्या समृद्धि योजना कई परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण बनकर उभरी है। योजना के माध्यम से अभिभावक अपनी बेटियों की शिक्षा और भविष्य की आवश्यकताओं के लिए छोटी-छोटी बचत कर आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित कर रहे हैं। जिले में भी अनेक परिवार योजना का लाभ लेकर अपनी बेटियों के सपनों को साकार करने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं। 

बलरामपुर जिले के कुसमी विकासखंड अंतर्गत कोरंधा सेक्टर के करम टोली निवासी श्रीमती सुरेखा भगत ने अपनी बेटी के उज्ज्वल भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना का लाभ लिया है। श्रीमती सुरेखा भगत एक गृहिणी हैं। उन्होंने अपनी बेटी के बेहतर भविष्य को ध्यान में रखते हुए बेटी रिया के नाम से डाकघर कोरंधा में सुकन्या समृद्धि योजना के तहत खाता खुलवाया। वे बताती हैं कि प्रारंभिक समय में आर्थिक तंगी के कारण इस खाते में नियमित रूप से राशि जमा करना उनके लिए कठिन था, लेकिन महतारी वंदन योजना का लाभ से उन्हें बेटी के सुकन्या समृद्धि खाते में नियमित रूप से बचत करने में सहायता मिली। वे बताती हैं कि शासन द्वारा संचालित योजनाओं ने उन्हें अपनी बेटी के भविष्य के लिए बचत करने की प्रेरणा दी है। 

श्रीमती सुरेखा बताती है कि बालिकाओं के उज्ज्वल भविष्य (शिक्षा और विवाह) के लिए एक छोटी बचत योजना है। 10 वर्ष से कम उम्र की बेटी के लिए अभिभावक डाकघर या अधिकृत बैंक में खाता खोल सकते हैं, जिसमें प्रति वर्ष 250 से 1.5 लाख तक निवेश कर  आकर्षक ब्याज प्राप्त की जा सकती है। अब श्रीमती सुरेखा समय से सुकन्या समृद्धि खाते में राशि जमा कर रही हैं, ताकि आने वाले समय में बेटी की उच्च शिक्षा और अन्य आवश्यकताओं में कोई बाधा न आए। वे कहती हैं कि छोटी-छोटी बचत से ही बच्चों का भविष्य सुरक्षित किया जा सकता है। उन्होंने इस पहल के लिए शासन-प्रशासन को धन्यवाद दिया है।


Related Post

Archives

Advertisement

Trending News

Archives