March 24, 2024


कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज किए, ताकि कांग्रेस को पैसे के अभाव में चुनाव लड़ने का समान अवसर न मिले- दीपक बैज

रायपुर : खाते फ्रीज करना कांग्रेस के खिलाफ आपराधिक साजिश, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि केंद्र सरकार साजिश के तहत लोकसभा चुनाव से पहले बैंक खातों को फ्रीज करवाकर देश की सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी कांग्रेस को आर्थिक रूप से कमजोर बनाने का प्रयास कर रही है। इस तरह किसी राजनीतिक दल को असहाय बनाकर स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव नहीं हो सकते। लोकसभा चुनाव घोषित हो चुके हैं। लोकतंत्र के लिए जरूरी है कि चुनाव निष्पक्ष रूप से कराए जाएं और सभी राजनीतिक दलों को समान अवसर मिले और उनके पास समान रूप से संसाधन हों। साजिश के तहत मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस के बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए हैं, ताकि कांग्रेस को पैसे के अभाव में चुनाव लड़ने में समान अवसर न मिले। यह सत्ताधारी दल का खतरनाक खेल है। भाजपा चाहती है कि एकतरफा चुनाव हों, लेकिन जनता सब देख रही है। भाजपा ने इलेक्टोरल बॉन्ड योजना से 56 प्रतिशत धन हासिल किया, जबकि कांग्रेस को मात्र 11 प्रतिशत बांड ही मिले। सुप्रीम कोर्ट इस मामले की जांच कर रहा है, इसलिए उम्मीद है कि सच्चाई बहुत जल्द सामने होगी।

  प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि कोई भी राजनीतिक दल आयकर के दायरे में नहीं आता है। फिर भी कांग्रेस पर शिकंजा कसने का प्रयास हो रहा है। वह संवैधानिक संस्थाओं से अपील करते हैं कि अगर वे स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव चाहते हैं, तो कांग्रेस को बिना किसी रोक-टोक से बैंक खातों का इस्तेमाल करने दें। कांग्रेस के बैंक खाते तुरंत बहाल किए जाएं। यह बेहद गंभीर मुद्दा है। यह मुद्दा ना सिर्फ कांग्रेस को प्रभावित कर रहा है, बल्कि यह देश के लोकतंत्र को भी प्रभावित कर रहा है। प्रधानमंत्री द्वारा कांग्रेस को आर्थिक रूप से कमजोर करने का लगातार प्रयास हो रहा है। कांग्रेस के खातों में जमा जनता के पैसे को रोका जा रहा है। इन सब चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में भी कांग्रेस अपने चुनाव अभियान को जोर-शोर से आगे बढ़ाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि एक तरफ चुनावी बॉन्ड का मुद्दा है, जिसे सुप्रीम कोर्ट असंवैधानिक करार दे चुका है, इससे भाजपा को भारी लाभ हुआ। वहीं दूसरी ओर प्रमुख विपक्षी दल कांग्रेस की वित्तीय स्थिति पर लगातार हमले हो रहे हैं। यह अलोकतांत्रिक है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने कहा कि एक महीने पहले कांग्रेस के सभी बैंक खाते फ्रीज कर दिए गए। भारत के 20 प्रतिशत लोग कांग्रेस के लिए वोट करते हैं। मगर बैंक खाते फ्रीज हो जाने से कांग्रेस प्रचार नहीं  करपा रही, विज्ञापन नहीं दे पा रही। कांग्रेस हवाई जहाज, रेलवे की यात्रा के लिए भी टिकट नहीं खरीद सकती। यह सात साल पहले का 14 लाख रूपये का मामला है और 200 करोड़ रुपये का जुर्माना लगा दिया गया है। आयकर विभाग का नियम साफ कहता है कि ज्यादा से ज्यादा 10 हजार का जुर्माना लग सकता है। मगर किसी कोर्ट, चुनाव आयोग, किसी संस्थान और मीडिया ने कुछ नहीं कहा। आज देश में लोकतंत्र नहीं बचा है। ये कांग्रेस के खिलाफ आपराधिक साजिश है, जो हिंदुस्तान के प्रधानमंत्री कर रहे हैं।


Related Post

Advertisement

Trending News